
*जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने ईआरओ एवं एईआरओ के साथ की समीक्षा बैठक, वर्चुअल माध्यम से जुड़े पदाधिकारी, प्रपत्र-6 को लेकर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश*
————————————-


भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार दिनांक 05 अगस्त 2026 से छूटे हुए अर्हताधारी भारतीय नागरिकों से प्रपत्र-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्राप्त प्रपत्र-6 को अगले दो दिनों के भीतर BLO App के माध्यम से अनिवार्य रूप से प्रविष्ट कराया जाए। साथ ही, सभी बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) एवं BLO सुपरवाइजर से इस आशय का प्रमाण पत्र प्राप्त किया जाए कि उनके मतदान केंद्र क्षेत्र के सभी छूटे हुए अर्हताधारी भारतीय नागरिकों से प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन प्राप्त कर लिया गया है तथा उनके मतदान केंद्र क्षेत्र में किसी भी अर्हताधारी भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ने हेतु छूटा नहीं है। उन्होंने निर्देश दिया कि BLO एवं BLO सुपरवाइजर से प्रमाण पत्र प्राप्त किए जाने के उपरांत सभी ERO अपने AERO से भी उक्त आशय का प्रमाण पत्र प्राप्त करेंगे। इसके साथ ही सभी ERO स्वयं भी इस संबंध में प्रमाण पत्र जिला निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय को दिनांक 24 सितंबर 2026 तक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देशों के अनुपालन में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरतने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका सिंह उपस्थित थीं।


