
सरायकेला। आगामी 3 एवं 4 अक्टूबर को दुमका स्थित तीरंदाजी अकादमी, कुमरा दुधानी विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित 17वीं झारखंड राज्य स्तरीय जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता को लेकर सरायकेला के दुगनी मैदान में चयन ट्रायल शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे जूनियर तीरंदाजों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा और निशानेबाजी का प्रदर्शन किया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों का चयन किया गया।


चयन ट्रायल में इंडियन राउंड, कंपाउंड और रिकर्व वर्ग के जूनियर पुरुष एवं महिला तीरंदाजों ने भाग लिया। इंडियन राउंड जूनियर पुरुष वर्ग में माधो बिरुआ, नितेश मार्डी, सुमीत सोरेन, दशमत हांसदा, आयुष किस्कू, सगुन हेम्ब्रम, धनराज नाग, कृष्णा मार्डी, सिड्डु मार्डी, सुनील हेम्ब्रम एवं गणेश हेम्ब्रम ने निशाना साधा। महिला वर्ग में टुकटुक मुदी, सुनीता तियु, अंशिका कालिंदी, दिया रानी मुर्मू एवं बाहा बेसरा ने हिस्सा लिया।



कंपाउंड जूनियर पुरुष वर्ग में रैतिक मुंडा, नंदलाल पाहन, शिव शंकर पड़िहारी एवं उत्तम महतो ने प्रदर्शन किया। महिला वर्ग में सृष्टि पेरकेट्टा, सोनल सपना सुंडी एवं लक्ष्मी बिरूली ने अपनी प्रतिभा दिखाई। वहीं रिकर्व जूनियर पुरुष वर्ग में उदय सरदार, लुखीराम मुंडा, लंकेश्वर पुराण एवं समीर बेहरा तथा महिला वर्ग में कोयल महतो, गंगी हेम्ब्रम एवं सुमन गोप ने भाग लिया।
चयन ट्रायल के दौरान तीरंदाजों ने निर्धारित दूरी से लक्ष्य साधकर अंक हासिल किए। आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के चयन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली एवं उभरते तीरंदाजों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए जिला तीरंदाजी संघ की अध्यक्ष मीरा मुंडा, पूर्व विधायक मंगल सोय, उदय सिंहदेव एवं जिला खेल पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला तीरंदाजी संघ के सचिव सुमंत चन्द्र महांती, प्रशिक्षक बीएस राव, हिमांशु मोहंती, रजनी पात्रो, शिवकुमार कुंभकार, शीतल महतो, प्रेम मार्डी, शिवप्रसाद महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


