
गम्हरिया में माँ दुर्गा विकास महिला संगठन की ओर से आगामी 8 मार्च (अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस) को आयोजित होने वाले महिला महा जुटान की तैयारियों को लेकर गम्हरिया स्थित लाल बिल्डिंग में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक से पूर्व संगठन की महिलाओं ने पूर्व सांसद को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।


बैठक का मुख्य उद्देश्य 8 मार्च को आयोजित होने वाले महिला महा जुटान की तैयारियों को अंतिम रूप देना था। संगठन की अध्यक्ष रंजन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम में पूर्व सांसद सुमन महतो विशेष रूप से शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि यह महा जुटान वर्ष में एक बार आयोजित किया जाता है, जो महिलाओं को सम्मानित करने, उनके वर्ष भर की उपलब्धियों को साझा करने और एक-दूसरे से प्रेरणा लेने का सशक्त मंच प्रदान करता है।



बैठक के दौरान महिलाओं के सशक्तिकरण, सामाजिक भागीदारी बढ़ाने तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका को और अधिक मजबूत बनाने के लिए संगठित एवं सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।
बताया गया कि आगामी महिला महा जुटान 8 मार्च को जमशेदपुर के गणेश पूजा मैदान में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में पूरे कोल्हान क्षेत्र से 5000 से अधिक महिलाओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। संगठन की ओर से क्षेत्र की सभी महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की गई है, ताकि यह आयोजन महिला शक्ति, एकजुटता और सशक्तिकरण का ऐतिहासिक उदाहरण बन सके।


