
एमजीएम थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 510 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं स्क्रिप्ट कॉलोनी के आसपास अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना मिलने के बाद की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के निर्देश पर गठित छापामारी टीम ने स्क्रिप्ट कॉलोनी के पीछे काली मंदिर के समीप कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 510 पुड़िया अवैध ब्राउन शुगर, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक नोकिया कीपैड मोबाइल फोन तथा एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज थापा (32 वर्ष), पिता—स्व. माड़क थापा, निवासी उत्तम सिंह हाटिया, मकदमबेड़ा, थाना—बागबेड़ा तथा करण कुमार (25 वर्ष), पिता—तुलसी सिंह, निवासी बिरसानगर, जोन नंबर-3, डी ब्लॉक के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने एमजीएम थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में एमजीएम थाना कांड संख्या 112/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज हैं। कार्रवाई में एमजीएम थाना पुलिस, नारकोटिक्स सेल तथा एमजीएम थाना एवं एमजीएम क्षेत्र के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।




