
बहरागोड़ा/संवाददाता:BAPI बहरागोड़ा:–बहरागोड़ा प्रखंड की गुहियापाल पंचायत अंतर्गत भादूडीही गांव के मैदान में एसकेएमएचजेसी क्लब की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बाल्टा एफसी और किस्कू ब्रदर्स के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में बाल्टा एफसी ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पुत्र आकाश सोरेन शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा खेल प्रतियोगिताओं को ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।


*विजेता को 12 हजार, उपविजेता को 8 हजार रुपये*



प्रतियोगिता के समापन समारोह में अतिथियों के हाथों विजेता बाल्टा एफसी की टीम को 12,000 रुपये तथा उपविजेता किस्कू ब्रदर्स की टीम को 8,000 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, दोनों सेमीफाइनल टीमों को 4,000-4,000 रुपये प्रदान किए गए। इसके अलावा प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया।दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस तरह के आयोजन से ग्रामीण क्षेत्र की फुटबॉल प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है।मौके पर मुखिया सोमाय हांसदा, मुखिया पानसोरी हांसदा, ग्राम प्रधान सह पंचायत समिति सदस्य बाड़ा किस्कू, पूर्व मुखिया माताल मांडी, सौमित्र ओझा, शकुंतला बास्के, महावीर मुर्मू, धर्मा किस्कू, ठाकुर सोरेन, दुर्गा मांडी, दशमत हांसदा, विधान हांसदा समेत एसकेएमएचजेसी क्लब के सभी सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

