
सरायकेला। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर नगर पंचायत सरायकेला में एक ओर जहां मजदूरों का सम्मान हुआ, वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक लापरवाही पर अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी का कड़ा रुख भी सामने आया। कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष श्री चौधरी ने अपने अनोखे अंदाज में सफाईकर्मियों एवं श्रमिकों का तिलक-चंदन पूजन कर सम्मान किया, जिससे मजदूरों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने कहा कि “मजदूरों का सम्मान करना ही हमारे समाज और व्यवस्था का सबसे बड़ा सम्मान है।”


“1 मई सिर्फ कैलेंडर की एक तारीख नहीं है, बल्कि यह उन हाथों की कहानी है जो शहर और देश का निर्माण करते हैं, लेकिन अक्सर खुद संघर्ष में जीते हैं।”



“मजदूरों के बिना विकास की परिकल्पना अधूरी है। चाहे कोविड काल हो या प्राकृतिक आपदा, मजदूर बिना अपनी सुरक्षा की चिंता किए सेवा में जुट जाते हैं यह उनके समर्पण का सबसे बड़ा उदाहरण है।”
अध्यक्ष ने बताया कि मजदूरों के आग्रह पर पूर्व में बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से टाउन हॉल में उत्कृष्ट मजदूरों के सम्मान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया था।
किन्तु नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा समुचित समन्वय, सूचना एवं प्रोटोकॉल का पालन नहीं किए जाने के कारण कार्यक्रम निर्धारित रूप में आयोजित नहीं हो सका। मजदूरों तक समय पर सूचना नहीं पहुंचने से उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए टाउन हॉल कार्यक्रम का बहिष्कार भी किया। इसके बावजूद अध्यक्ष श्री चौधरी ने अपने स्तर से मजदूरों का सम्मान सुनिश्चित किया और स्पष्ट कहा “नगर पंचायत के अधिकारी यदि अपने कर्तव्यों से पीछे हटते हैं तो भी मजदूरों का सम्मान रुकने वाला नहीं है। नगर पंचायत का अध्यक्ष उनके साथ मजबूती से खड़ा है।
उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था पर सख्त टिप्पणी करते हुए कहा “नगर पंचायत का सिस्टम बेलगाम नहीं चल सकता। कार्यालय में अनुपस्थिति, कार्यों में लापरवाही और जनता की उपेक्षा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। जरूरत पड़ी तो जवाबदेही तय कराई जाएगी।”
अध्यक्ष ने मजदूरों के समग्र कल्याण हेतु कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं, जिनमें श्रमिकों को श्रम कार्ड उपलब्ध कराना, भविष्य निधि (PF) सुनिश्चित करना,बीमा सुरक्षा देना,सुरक्षा किट उपलब्ध कराना,सम्मानजनक मानदेय सुनिश्चित करना
तथा उनके परिवार के साथ हर परिस्थिति में खड़े रहने का वादा शामिल है साथ ही उन्होंने मजदूरों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अपील की कि कार्य के दौरान सुरक्षा किट का उपयोग अवश्य करें। कार्यक्रम के दौरान सफाईकर्मियों को तिलक लगाकर सम्मानित किया गया एवं उन्हें लड्डू खिलाकर मुंह मीठा कराया गया। सम्मान कार्यक्रम के उपरांत अध्यक्ष श्री मनोज चौधरी ने सभी श्रमिकों को ससम्मान लजीज भोजन कराकर विदा किया, जिससे पूरे आयोजन में आत्मीयता और सम्मान का भाव स्पष्ट रूप से झलकता रहा।
अंत में अध्यक्ष ने मजदूरों को भरोसा दिलाते हुए कहा आप लोगों को कभी भी कोई परेशानी हो, मेरा चैंबर और मेरा घर आपके लिए हमेशा खुला है।” यह आयोजन जहां एक ओर मजदूरों के सम्मान का प्रतीक बना, वहीं नगर पंचायत की कार्यशैली और प्रशासनिक जवाबदेही पर भी बड़े सवाल खड़े कर गया। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद गौतम नायक, शांति गोड़सेरा सुषमा तियू और काफी संख्या में नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद थे।


