
सरायकेला थाना क्षेत्र के राजनगर बाईपास सड़क स्थित पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार ट्रेलर और बाइक की टक्कर इतनी भयावह थी कि कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक अचानक अनियंत्रित होकर ट्रेलर की चपेट में आ गई और सीधे उसके नीचे जा घुसी। लेकिन इसी बीच बाइक सवार दो युवकों ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती बाइक से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे में दोनों युवकों को हल्की चोटें आई हैं।


घायलों की पहचान आलोक महतो और डॉक्टर महतो के रूप में हुई है। दोनों धातकीडीह गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वे बाइक से सरायकेला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आगे चल रहे लंबे ट्रेलर का पिछला हिस्सा सड़क पर अधिक फैल गया, जिससे पीछे से आ रही बाइक उसकी चपेट में आ गई। हादसे की सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनोज कुमार चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए ट्रेलर को रुकवाया और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भिजवाया।



इधर, सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गनीमत रही कि समय रहते बाइक सवारों ने छलांग लगा दी, नहीं तो हादसा जानलेवा हो सकता था।


