
आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के चुना भट्टा स्थित संजय इलेक्ट्रोनिक्स दुकान पर 14 मार्च 2026 को हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में आदित्यपुर थाना कांड संख्या-77/2026, दिनांक 14.03.2026 के तहत धारा-109/352(1)/3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।


घटना के अनुसार, 14 मार्च को दोपहर करीब 1:40 बजे अज्ञात अपराधियों द्वारा दुकान पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी।



मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए कांड के नामजद आरोपी प्रकाश पाण्डेय उर्फ ऋषि पाण्डेय (31 वर्ष), निवासी साई कॉलोनी, रोड नंबर-2, आदित्यपुर-2 को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई संगीन मामले दर्ज हैं, जिनमें डकैती, हत्या के प्रयास, रंगदारी और चोरी जैसे अपराध शामिल हैं। वर्ष 2019, 2021 और 2025 में आदित्यपुर, बिष्टुपुर थाना क्षेत्रों में उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज हैं।
छापामारी दल का नेतृत्व आदित्यपुर थाना प्रभारी बिनोद तिर्की ने किया। टीम में सहायक अवर निरीक्षक सतीश वर्णवाल, रमण कुमार विश्वकर्मा, विनोद टुडू सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


