
जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित दोमुहानी के समीप गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवाओं की मौत की खबर से भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक डॉ. जटाशंकर पांडे ने गहरा दुख व्यक्त किया है। हादसे में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार युवाओं की जान चली गई।


डॉ. जटाशंकर पांडे ने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इतनी कम उम्र में चार युवाओं का असमय दुनिया से चले जाना उनके परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की कामना की।



बताया गया कि गुरुवार तड़के करीब तीन बजे कार संख्या जेएच05 डीएस 6450 मरीन ड्राइव से गुजर रही थी। दोमुहानी के पास सड़क पर खराब होकर खड़े ट्रेलर संख्या जेएच02टी 3971 के पीछे तेज रफ्तार कार जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रेलर में बुरी तरह फंस गई। बचाव दल ने गैस कटर की मदद से कार को काटकर उसमें फंसे चारों लोगों के शव बाहर निकाले।
मृतकों की पहचान तृषा सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर, सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डॉ. पांडे ने कहा कि इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सड़कों पर खराब होकर खड़े भारी वाहनों के पीछे पर्याप्त रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक और प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से हादसे के कारणों की गंभीरता से जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई।


