
जमशेदपुर, 17 सितंबर 2026। जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय (गोलघर स्कूल) के पास पुलिस ने देर रात छापेमारी कर पांच युवकों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर एक परिवार को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाने के लिए वहां जुटे थे। कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैफ अली उर्फ राज बच्चा (29), मो. रेहान गद्दी उर्फ जिया (21), मो. शहनवाज उर्फ बिगाड़ू (22), मो. शहजादा आलम उर्फ साहिल (21) और मो. नसीम अंसारी (20) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान सैफ अली उर्फ राज बच्चा की कमर से एक देशी पिस्टल बरामद की गई। पिस्टल की मैगजीन में 7.65 एमएम के दो जिंदा कारतूस लोड थे। इसके अलावा पुलिस ने 7.65 एमएम का एक खोखा भी बरामद किया है।
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि सैफ अली उर्फ राज बच्चा के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट और फायरिंग से जुड़े मामले भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को भी एक व्यक्ति ने जुगसलाई थाना में आवेदन देकर सैफ अली से अपने और अपने परिवार को खतरा होने की आशंका जताई थी।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को ईद मिलाद-उन-नबी के दिन भी आरोपी द्वारा सहयोगियों के साथ मिलकर एक परिवार को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाने और हथियार के साथ वीडियो बनाने की बात जांच में सामने आई है। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान शहजादा आलम उर्फ साहिल द्वारा भय उत्पन्न करने के उद्देश्य से एक राउंड फायरिंग भी की गई थी।
मामले में जुगसलाई थाना कांड संख्या 74/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
छापेमारी टीम में डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार, जुगसलाई थाना के थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खान, पुलिस पदाधिकारी विवेक कुमार पंडित, धनंजय कुमार सिंह, गोपाल कुमार, सुमित लकड़ा, संतोष कुमार, आलोक कुमार, टेंगो-42 के आरक्षी सैय्यद सलमान अख्तर सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।




