
सरायकेला-खरसावां: चौका थाना क्षेत्र में दर्ज डकैती के एक मामले में पुलिस ने करीब दो साल से फरार चल रहे प्राथमिक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। सरायकेला-खरसावां पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 18 अगस्त 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चौका थाना कांड संख्या 66/24, दिनांक 06 दिसंबर 2024, धारा 310(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया था।


पुलिस के मुताबिक, मामले में छह प्राथमिक अभियुक्तों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। वहीं, फरार चल रहे प्राथमिक अभियुक्त पोड़ो सरदार उर्फ पोड़ो भूमिज उर्फ लंगड़ा उर्फ पदो सरदार, उम्र करीब 30 वर्ष, को 18 अगस्त को आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर स्थित सरना टोला से गिरफ्तार किया गया।



पुलिस का कहना है कि आरोपी अपनी पहचान छिपाकर अपना और अपने पिता का नाम बदलकर वहां रह रहा था। गिरफ्तार आरोपी का स्थायी पता चौका थाना क्षेत्र के टोलाडीह, गांव रेयाड़दा बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ चौका, खरसावां सहित विभिन्न थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं। इनमें BNS, IPC और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।
वहीं, पुलिस ने इसी कार्रवाई के दौरान एक अन्य मामले में करीब तीन वर्षों से फरार चल रहे आरोपी गंगाधर सिंह मुंडा को भी पकड़ा। उसे अड़की थाना कांड संख्या 44/23 के मामले में अड़की थाना पुलिस को सौंप दिया गया।


