
जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र में इनोवा कार से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपी सलाम हरी दत्ता सिंह को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


पुलिस के अनुसार, कदमा थाना कांड संख्या 122/24, दिनांक 20 जुलाई 2024 के तहत धारा 406, 420 एवं 34 आईपीसी में मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि वर्ष 2023 में चार-पांच आरोपियों ने मिलकर एक इनोवा कार के साथ धोखाधड़ी की थी। बाद में कथित तौर पर उक्त इनोवा कार को मणिपुर में बेच दिया गया था।



मामला दर्ज होने के बाद से सलाम हरी दत्ता सिंह फरार चल रहा था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। गुप्त सूचना और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने दिल्ली में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से मामले में आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पूरी कार्रवाई कदमा थाना के पुलिस पदाधिकारी धनंजय कुमार पासवान के नेतृत्व में की गई।


