
जमशेदपुर : झारखंड वासी एकता मंच की ओर से आगामी 21 जनवरी (बुधवार) को बिस्टुपुर गोपाल (रीगल) मैदान में 21वें भव्य टुसु मेला का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी मंच के मुख्य संयोजक आस्तिक महतो एवं संयोजक सह सांसद विद्युत बरण महतो ने सोनारी विकास भवन (कारमेल स्कूल के पीछे) में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी। उन्होंने बताया कि मेले का मुख्य आकर्षण विशाल टुसु प्रतिमा, चौड़ल, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, टुसु एवं झुमुर गीत प्रतियोगिता तथा आकर्षक नकद पुरस्कार होंगे। इस आयोजन में कोल्हान प्रमंडल के अलावा रांची, तमाड़, खूंटी सहित पश्चिम बंगाल एवं ओड़िशा से भी बड़ी संख्या में प्रतिभागी शामिल होंगे।


सुरक्षा के इंतजाम: मंच ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है। मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी। दर्शकों की सुविधा के लिए मंच के समीप बड़े आकार का एलईडी स्क्रीन भी लगाया जाएगा। मेला परिसर में नशापान एवं नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, उल्लंघन करने पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाएगी बताया गया कि सुबह 10 बजे से टुसु प्रतिमा एवं चौड़ल की मैदान में एंट्री शुरू होगी। गत वर्ष जहां 350 से अधिक टुसु-चौड़ल पहुंचे थे, इस वर्ष इससे अधिक संख्या में आने की उम्मीद है। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा मेले का पोस्टर भी जारी किया गया।



पुरस्कारों की घोषणा: मंच के सह संयोजक बबलू महतो एवं सुखदेव महतो ने बताया कि टुसु प्रतिमा प्रतियोगिता में सात पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम से सातवें स्थान तक क्रमशः 41 हजार, 35 हजार, 31 हजार, 25 हजार, 20 हजार, 15 हजार एवं 11 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। वहीं चौड़ल प्रतियोगिता में चार पुरस्कार रखे गए हैं, जिसमें प्रथम से चतुर्थ स्थान तक क्रमशः 31 हजार, 25 हजार, 21 हजार एवं 15 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त बूढ़ी गाड़ी नाच प्रतियोगिता में भी चार पुरस्कार होंगे, जिनमें क्रमशः 15 हजार, 11 हजार, 7 हजार एवं 5 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।
सफल आयोजन के लिए टीम गठित: मेला के सफल संचालन हेतु मंच की युवा टोली को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसमें मैदान के सभी गेटों की व्यवस्था, प्रतिमा प्रवेश, मंच संचालन एवं निर्णायक मंडली का गठन शामिल है। इस कार्य में कमल महतो, विजय महतो, अशोक महतो, नकुल महतो, प्राण राय, मनोज महतो, गोपाल महतो, अशोक सिंह, कैलाश सिंह, राजू बाबा, जगदीश राव, सीनु राव, अनिल सिंह, शुभेंदु भौमिक, बापी नायक, सजल दास सहित अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। संवाददाता सम्मेलन में सह संयोजक बबलू महतो, सुखदेव महतो, सचिन महतो, करमु हांसदा, उमानाथ झा, चुनका मार्डी, सत्यनारायण महतो, धनंजय महतो, गोपाल महतो समेत मंच के कई सदस्य उपस्थित थे।


