
खनिज संपदा पर झारखंड के हक-अधिकार को कमजोर करने के प्रयास के खिलाफ 7 सितंबर को राजनगर में महाधरना
राजनगर, 1 सितंबर 2026।
आज राजनगर स्थित झामुमो कार्यालय में झामुमो राजनगर प्रखंड अध्यक्ष श्री राम सिंह हेम्ब्रम एवं प्रखंड पदाधिकारियों की उपस्थिति में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सह झामुमो केंद्रीय सदस्य श्री गणेश महाली की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आगामी 7 सितंबर को राजनगर प्रखंड परिसर में केंद्र सरकार के खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के माध्यम से झारखंड के खनिज एवं प्राकृतिक संसाधनों पर राज्य के हक-अधिकारों को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ आयोजित होने वाले महाधरना-प्रदर्शन को सफल बनाने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, पार्टी कार्यकर्ताओं की सहभागिता तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक रणनीति बनाई गई। प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
श्री गणेश महाली ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा और प्राकृतिक संसाधनों पर राज्य के अधिकारों की रक्षा करना झामुमो की प्राथमिकता है। केंद्र सरकार की ऐसी नीतियों, जो झारखंड के हितों एवं अधिकारों को कमजोर करती हैं, के खिलाफ पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से मजबूती के साथ आवाज उठाएगी।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 7 सितंबर के महाधरना-प्रदर्शन को सफल बनाने तथा बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी एकजुटता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।




