
बारिश से राम बनरा का कच्चा घर धंसा, राहत की मांग
खरसावां। लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को सुबह करीब 6 बजे खरसावां प्रखंड के बुरुडीह पंचायत अंतर्गत रेंगोगोड़ा गांव में राम बनरा, पिता साधो बनरा का कच्चा मकान अचानक धंस गया। घटना के समय परिवार के बच्चे घर के अंदर सो रहे थे। हादसे में एक बच्ची को हल्की चोटें आईं, जबकि परिवार बाल-बाल बच गया। घर का पूरा सामान मलबे में दब गया और परिवार का एकमात्र आशियाना पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद ग्राम प्रधान दिलीप प्रधान ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने क्षतिग्रस्त मकान का शीघ्र निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कराने तथा परिवार को सुरक्षित अस्थायी आश्रय, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
ग्रामीणों ने भी आपदा राहत के तहत तत्काल सहायता देने तथा परिवार की पात्रता के आधार पर प्राथमिकता से पक्का आवास स्वीकृत करने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार लगातार बारिश के बीच परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। ऐसे में जल्द राहत पहुंचाना जरूरी है।




