
राजगांव में नया 100 KVA ट्रांसफार्मर स्थापित, बिजली संकट से ग्रामीणों को मिली राहत : गणेश महाली
गम्हरिया। गम्हरिया प्रखंड के राजगांव में पिछले कई दिनों से 100 KVA का ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण ग्रामीणों को गंभीर बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए झामुमो केंद्रीय सदस्य एवं सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी गणेश महाली ने तत्काल पहल की और संबंधित विभाग से समन्वय कर नया 100 KVA का ट्रांसफार्मर स्थापित कराया।
आज ग्रामीणों की उपस्थिति में नए 100 KVA ट्रांसफार्मर का विधिवत उद्घाटन किया गया और इसके साथ ही राजगांव में विद्युत आपूर्ति पुनः बहाल कर दी गई। बिजली बहाल होने से ग्रामीणों में राहत और खुशी का माहौल है।
इस मौके पर गणेश महाली ने कहा कि जनता को अंधेरे में छोड़कर केवल आश्वासन देने की राजनीति स्वीकार नहीं की जा सकती। जनता की समस्या जहां होगी, वहां हमारी आवाज भी होगी और समाधान के लिए हमारा संघर्ष भी होगा।
उन्होंने कहा कि झामुमो की राजनीति जमीन से जुड़ी है। गांव, गरीब, किसान, मजदूर और आम जनता के अधिकारों के लिए पार्टी हमेशा संघर्ष करती रही है। बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के लिए ग्रामीणों को परेशान होना पड़े, यह गंभीर विषय है। जनहित के ऐसे मामलों में संबंधित विभाग और प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
गणेश महाली ने कहा, “जनता ने हमें संघर्ष करना सिखाया है और हम जनता के हक की लड़ाई से पीछे हटने वाले नहीं हैं। हमारी राजनीति कुर्सी के लिए नहीं, बल्कि गांव के अंतिम व्यक्ति तक अधिकार और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए है।”
उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र की जनता से जुड़े बिजली, पानी, सड़क और अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
“जनता के हक की आवाज दबेगी नहीं, और जनहित के सवालों पर संघर्ष रुकेगा नहीं।”




