
**आदित्यपुर।** सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित आसंगी चेक डैम में रविवार को हुए एक दर्दनाक हादसे के बाद पूरे एनआईटी जमशेदपुर परिसर में शोक और आक्रोश का माहौल है। मेटालर्जी विभाग के चौथे वर्ष के छात्र **मीर हसन** अपने कुछ साथियों के साथ चेक डैम घूमने पहुंचे थे। इस दौरान नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चले गए और लापता हो गए। साथियों द्वारा शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक छात्र पानी में ओझल हो चुके थे।


घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस, जिला प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचा। देर शाम तक छात्र की तलाश जारी रही, हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका था। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



उधर, छात्र के लापता होने की खबर मिलते ही एनआईटी परिसर में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में छात्रों ने एकत्र होकर प्रशासन और संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि चेक डैम जैसे संवेदनशील स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, चेतावनी बोर्ड और निगरानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने पीड़ित परिवार को **एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता**, मामले की निष्पक्ष जांच तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल जिला प्रशासन का पूरा ध्यान खोज एवं बचाव अभियान पर केंद्रित है। छात्र के परिजनों, सहपाठियों और स्थानीय लोगों की निगाहें राहत दल की कार्रवाई पर टिकी हैं तथा सभी उसकी जल्द से जल्द बरामदगी की उम्मीद कर रहे हैं।


