
जर्जर सड़कों पर उठी आवाज: पुरेंद्र नारायण सिंह ने JIADA रीजनल डायरेक्टर से की मुलाकात, जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग


आदित्यपुर: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की बदहाल एवं जर्जर सड़कों को लेकर आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने बुधवार को JIADA के रीजनल डायरेक्टर से मुलाकात कर सड़क निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करते हुए शीघ्र निर्माण शुरू कराने की मांग की।



मुलाकात के दौरान पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र की टूटी-फूटी सड़कें उद्यमियों, मजदूरों और आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई हैं। विशेषकर बरसात के मौसम में जलजमाव और गड्ढों के कारण आवागमन बेहद कठिन हो जाता है, जिससे उद्योगों की गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने सड़क निर्माण से जुड़ी तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनों का जल्द समाधान कर कार्य प्रारंभ कराने का आग्रह किया।
उन्होंने यह भी मांग की कि औद्योगिक क्षेत्र में बड़े उद्योगों के साथ-साथ छोटे एवं मध्यम उद्यमियों को भी प्राथमिकता के आधार पर प्लॉट उपलब्ध कराया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर नए उद्योग स्थापित हों और रोजगार के अवसरों में वृद्धि हो सके।
पुरेंद्र नारायण सिंह ने औद्योगिक क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा प्लॉट आवंटन प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और उद्यमी हितैषी बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि JIADA प्रशासन उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाएगा।
इस अवसर पर समिति के उदित यादव, प्रभास झा, मुकेश गिरी, सरदार रविंद्र सिंह, विमल दास, दिलीप मंडल, संतोष यादव, सोनू पासवान, सत्येंद्र प्रभात, सिमरन मेहरा एवं विनोद जायसवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।


