
सरायकेला-खरसावां, 6 अगस्त। सरायकेला-खरसावां पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।


कार्रवाई के दौरान संगठन की सब-जोनल कमेटी के सदस्य रवि सिंह सरकार उर्फ सागर सिंह सरकार को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर चांडिल थाना क्षेत्र से मदन महतो तथा मीना पहाड़िया को भी दबोच लिया गया।



पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक AKM-47 राइफल, 9 एमएम पिस्टल, 7.62 एमएम की 208 जिंदा गोलियां, दो मैगजीन, कोडेक्स वायर (विस्फोटक सामग्री) सहित अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने दलमा क्षेत्र में पुलिस बल पर हमले, हथियार लूट और अन्य नक्सली गतिविधियों में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार माओवादी संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे और क्षेत्र में बड़ी आपराधिक एवं नक्सली घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


