
सरायकेला- सरायकेला-राजनगर मुख्य मार्ग स्थित तीतिरविला के समीप शुक्रवार रात दो हाइवा फंस जाने से करीब 10 घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा। सड़क के दोनों ओर करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे सरायकेला और राजनगर के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे सरायकेला की ओर से राजनगर जा रही एक हाइवा सड़क पर बने गड्ढे में फंस गया। बताया गया कि हाइवा की पती टूट जाने के कारण हाइवा आगे नहीं बढ़ सका। इसी दौरान विपरीत दिशा से राजनगर की ओर से आ रहा दूसरा हाइवा सड़क के किनारे मिट्टी में धंस गया। दोनों वाहनों के फंसने से मार्ग पर दोनों तरफ का आवागमन बाधित हो गया।


पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण सरायकेला-राजनगर मुख्य मार्ग की स्थिति काफी खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और उनमें बारिश का पानी जमा है। इसके कारण वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की जल्द मरम्मत कराने और गड्ढों को भरने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारु हो सके और भविष्य में ऐसी स्थिति से लोगों को परेशानी न उठानी पड़े।





