
सरायकेला-खरसावां: जिले के सरायकेला-चाईबासा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक बार फिर तेज रफ्तार ने कहर बरपाया। भाजपा कार्यालय के समीप पावरिमेल के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने एक कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार कामाख्या बाबा उर्फ ‘ऑल्टो बाबा’ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 50 वर्षीय महेंद्र जामुदा गंभीर रूप से घायल हो गए.


बताया जा रहा है कि दोनों एक ही कार से जा रहे थे, रास्ते में महेंद्र जामुदा शौच के लिए कार से उतरे थे, वापस लौटकर जैसे ही वह कार में बैठ रहे थे, उसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कामाख्या बाबा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.



हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई, दुर्घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महेंद्र जामुदा को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया.
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है, फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस सड़क पर लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी माध्यमों से भी ट्रक का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
यह हादसा एक बार फिर सरायकेला-चाईबासा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार और यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है, लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बीच यातायात नियमों के पालन और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत महसूस की जा रही है.
कामाख्या बाबा उर्फ ‘ऑल्टो बाबा’ इलाके में ग्रह-नक्षत्र और ग्रह-नक्शा देखने के लिए जाने जाते थे, उनकी अचानक सड़क हादसे में मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.
फिलहाल सरायकेला पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार ट्रक और चालक की पहचान कर कार्रवाई की दिशा में भी प्रयास तेज किए जा रहे हैं, अब पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं के सामने आने की उम्मीद है.


