
आदित्यपुर/सरायकेला-खरसावां: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत आदित्यपुर-गम्हरिया मुख्य मार्ग पर निर्मल पैड (लाल बिल्डिंग) के समीप बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।


प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक (MH12LT8538) ने बाइक (JH05DN3281) को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर सवार निसार और रिहान, दोनों पूर्वी सिंहभूम जिले के कपाली स्थित इस्लामनगर के निवासी थे। दोनों फॉल सीलिंग का कार्य कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।



घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
इधर, हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने कुछ समय के लिए सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को सामान्य कराया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।


