
आदित्यपुर: टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर मर्सिडीज़-बेंज़ शोरूम के सामने रविवार देर रात करीब 11 बजे दो बाइकों के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि रेड कलर बाइक पर सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक दुर्घटना के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मोहम्मद खलील घटनास्थल पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया। हालांकि चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।



घटना के बाद पुलिस ने दोनों बाइकों को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इस हादसे के बाद कुछ देर के लिए टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया। मृतक की पहचान और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।


