
बोर्ड परीक्षा को ध्यान में रखते हुए तिथि में बदलाव, शहरवासियों से अधिकाधिक भागीदारी की अपील


समाचार:



जमशेदपुर : माँ भारती के अमर सपूत Bhagat Singh, Sukhdev Thapar एवं Shivaram Rajguru के पावन शहादत दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष 23 मार्च को आयोजित होने वाली शहीद सम्मान यात्रा सह अखंड तिरंगा यात्रा इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए 22 मार्च (रविवार) को निकाली जाएगी। विद्यार्थियों की सुविधा एवं सुचारू परीक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए सर्वसम्मति से तिथि परिवर्तन का निर्णय लिया गया है, ताकि अधिकाधिक नागरिक इस राष्ट्रभक्ति पूर्ण आयोजन में शामिल हो सकें।
आयोजकों ने बताया कि शहरवासियों के स्नेह, समर्थन और सहयोग से माँ भारती के सम्मान में आयोजित होने वाली यह तिरंगा यात्रा इस वर्ष भी ऐतिहासिक स्वरूप धारण करेगी। यात्रा का उद्देश्य देश की अखंडता, एकता और संप्रभुता के प्रति जनजागरण करना तथा युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2016 में Jawaharlal Nehru University में लगे राष्ट्रविरोधी नारों के प्रतिकार स्वरूप शहर में नमन तिरंगा यात्रा की शुरुआत की गई थी। तब से यह यात्रा निरंतर आयोजित की जा रही है और इसमें सभी वर्गों, धर्मों, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों की सहभागिता रहती है।
यात्रा की तैयारियों को लेकर साकची स्थित नमन परिवार के कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में यात्रा की रूपरेखा, मार्ग, अनुशासन व्यवस्था एवं जनसंपर्क अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई तथा इसे भव्य और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया।

संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि यह यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शहीदों के त्याग और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। वहीं वरिष्ठ पत्रकार बृजभूषण सिंह ने कहा कि शहीदों का बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके आदर्शों को अपनाकर ही सच्चे अर्थों में राष्ट्र निर्माण संभव है।
बैठक में कई सामाजिक एवं पूर्व सैनिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे और आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया। धन्यवाद ज्ञापन जयप्रकाश राय द्वारा किया गया


