
जमशेदपुर, 22 अप्रैल 2026: विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग द्वारा एक प्रेरणादायक एवं जागरूकता से भरपूर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माननीय कुलपति डॉ. एला कुमार के मार्गदर्शन में किया गया, जिसकी थीम “हमारा ग्रह, हमारी शक्ति” रही।कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और सतत ऊर्जा के उपयोग पर विशेष रूप से जोर दिया गया। बी.एड. सेमेस्टर-I के छात्रों ने कविताओं, नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक नृत्य के माध्यम से पर्यावरण के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उपस्थित लोगों को जागरूक किया।


इस अवसर पर “यदि हम अभी नहीं जागे तो 10 वर्षों बाद पृथ्वी कैसी दिखेगी” विषय पर एक प्रभावशाली वीडियो भी प्रदर्शित किया गया, जिसने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया। वहीं, बी.पी.एड. के छात्रों ने वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। एम.एड. सेमेस्टर-I के विद्यार्थियों ने पृथ्वी दिवस के महत्व पर अपने विचार साझा किए और सभी को प्रकृति के संरक्षण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रेया एवं सना द्वारा किया गया। अंत में डॉ. त्रिपुरा झा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया, जिसके बाद राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस आयोजन ने न केवल छात्रों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि उन्हें पृथ्वी की सुरक्षा के लिए जिम्मेदारी निभाने के लिए भी प्रेरित किया।





