
बहरागोड़ा/संवाददाता:-BAPI बहरागोड़ा:-बहरागोड़ा प्रखंड के जयपुरा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर इन दिनों अपनी बदहाली को लेकर चर्चा में है। स्वास्थ्य केंद्र परिसर में चारों ओर घनी घास और झाड़ियां उग आई हैं। ऐसे में यहां इलाज कराने पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने वाले रास्ते के दोनों ओर बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग जाने से आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। खासकर बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बच्चों को परिसर में आने-जाने में दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में झाड़ियों के बीच जहरीले सांप और अन्य जीव-जंतुओं के छिपे रहने का खतरा भी बना रहता है।स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर और एएनएम कार्यरत जानकारी के अनुसार, जयपुरा आयुष्मान आरोग्य मंदिर में एक आयुष डॉक्टर और एक एएनएम कार्यरत हैं। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ केंद्र परिसर की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर भी विभाग को विशेष ध्यान देना चाहिए।मच्छरजनित बीमारी का भी बढ़ सकता है खतरा बरसात के कारण आसपास पानी जमा होने और घास-झाड़ियों के बढ़ने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने मलेरिया और अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए समय-समय पर फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव तथा जलजमाव वाले स्थानों की सफाई कराने की मांग की है।ग्रामीणों ने की तत्काल सफाई की मांग स्थानीय ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों से जयपुरा आयुष्मान आरोग्य मंदिर परिसर की जल्द से जल्द सफाई कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मिलनी चाहिए, वहां स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण होना बेहद जरूरी है।अब देखना होगा कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद संबंधित विभाग परिसर की सफाई और नियमित रखरखाव को लेकर कब तक ठोस कदम उठाता है।




