
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में आयोजित भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (महासंघ)–इंटक के चौथे राष्ट्रीय अधिवेशन में झारखंड की महिला प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती जयन्ती दास को श्रमिक एवं महिला श्रमिक अधिकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।


महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आयोजित इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देश के 25 राज्यों की प्रदेश महिला अध्यक्षों सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सम्मान समारोह में इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हौशिलाप्रसाद शर्मा, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एस.एस. सोलंकी, वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुलकर्णी एवं महाराष्ट्र राज्य प्रवक्ता सुचेता कुलकर्णी समेत संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।



श्रीमती जयन्ती दास लंबे समय से श्रमिक हितों के साथ-साथ महिला श्रमिकों के अधिकार, सामाजिक सुरक्षा, सम्मान और ट्रेड यूनियन में उनकी भागीदारी को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही हैं। झारखंड में महिला श्रमिकों को संगठित करने तथा उन्हें श्रम अधिकारों एवं सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की दिशा में भी उनके प्रयास जारी हैं।
सम्मान मिलने पर जयन्ती दास ने राष्ट्रीय नेतृत्व एवं विभिन्न राज्यों से उपस्थित महिला पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इंटक उनके लिए केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक परिवार है। राष्ट्रीय नेतृत्व से मिला सम्मान और विश्वास उन्हें श्रमिकों, विशेषकर महिला श्रमिकों के हित में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में महिला श्रमिकों को अधिक संगठित करने, उन्हें श्रम कानूनों, अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा ट्रेड यूनियन आंदोलन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के प्रयासों को और गति दी जाएगी।
राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान जयन्ती दास का सम्मान महिला श्रमिक नेतृत्व और श्रमिक संगठन में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को रेखांकित करने वाला महत्वपूर्ण अवसर रहा।


