
बहरागोड़ा/संवाददाता:-BAPI बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कलियाड़िंगा चौक के समीप ओडिशा की ओर से आ रहे बालू लदे एक हाईवा को जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन और बालू परिवहन से जुड़े कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।बताया जा रहा है कि सोमवार की मध्यरात्रि पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के जामसोला की ओर से एक हाईवा में बिना वैध दस्तावेज के बालू का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही बहरागोड़ा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय सीमा के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।इसी दौरान **WB 29 C 3639** नंबर का हाईवा पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वाहन की जांच करने पर उसमें बालू लदा पाया गया। पुलिस ने चालक से बालू परिवहन से संबंधित आवश्यक कागजात प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन संतोषजनक दस्तावेज नहीं मिलने पर वाहन को मौके से जब्त कर लिया गया।पुलिस की कार्रवाई के बाद जब्त हाईवा को थाना परिसर में रखा गया है। वहीं, मामले की सूचना संबंधित खनन विभाग को भी दी गई है। पुलिस और खनन विभाग द्वारा वाहन एवं बालू के संबंध में आवश्यक कागजातों की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।गौरतलब है कि अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में बहरागोड़ा पुलिस की यह कार्रवाई अवैध बालू कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में अहम मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन एवं बिना वैध कागजात के बालू परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




