
सरायकेला/आदित्यपुर आज आदित्यपुर स्थित आवास पर सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल, जमशेदपुर की होनहार छात्रा शांभवी तिवारी से भेंट कर उन्हें आईएससी 12वीं (बायो साइंस) परीक्षा 2026 में 100% अंक के साथ ऑल इंडिया रैंक–1 प्राप्त करने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, झामुमो के केंद्रीय सदस्य एवं वरिष्ठ नेता गणेश चौधरी,सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, युवा समाजसेवी इंदरजीत सिंह तथा युवा उद्यमी प्रतीक कुमार संयुक्त रूप से उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शांभवी तिवारी को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा सरायकेला लडडू खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


बधाई देते हुए कुणाल सारंगी ने कहा की शांभवी तिवारी की यह असाधारण उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां जिला एवं झारखंड राज्य के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह साबित किया है कि लक्ष्य के प्रति दृढ़ निश्चय से किसी भी ऊंचाई को प्राप्त किया जा सकता है। मनोज चौधरी ने कहा कि शांभवी की यह सफलता राज्य के अन्य विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणास्रोत है, जो उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करेगी। इस तरह की उपलब्धियां समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं और युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। गणेश चौधरी ने शांभवी तिवारी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह आगे भी इसी प्रकार सफलता के नए आयाम स्थापित कर राज्य एवं देश का नाम रोशन करती रहेंगी।





