
*राजनगर:-* झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के तहत कार्यरत कैडरों ने लंबे समय से लंबित विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की है। SMMU JSLPS झारखंड, DMMU JSLPS सरायकेला तथा BMMU JSLPS राजनगर के समक्ष मानदेय में बढ़ोतरी समेत विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर पत्र सौंपा गया है।


पत्र में कहा गया है कि CRP-EP समेत विभिन्न कैडर लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। समुदाय के बीच रहकर योजनाओं की जानकारी पहुंचाने, लोगों को संगठित करने और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को धरातल पर लागू कराने में कैडरों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बावजूद उनके मानदेय और सुविधाओं को लेकर अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है।



कैडरों ने पत्र के माध्यम से कहा है कि वर्तमान महंगाई के दौर में मिलने वाला मानदेय उनकी मेहनत और जिम्मेदारियों के अनुरूप पर्याप्त नहीं है। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच कम मानदेय में काम करना उनके लिए मुश्किल होता जा रहा है। ऐसे में मानदेय में सम्मानजनक बढ़ोतरी करना जरूरी है।
*पांच सूत्री मांगों पर जोर*
पत्र में कैडरों ने प्रमुख रूप से मानदेय का भुगतान प्रत्येक माह की निर्धारित तिथि तक सुनिश्चित करने, यात्रा भत्ता समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, बीमा सुविधा देने, आवश्यक उपकरण/संसाधन उपलब्ध कराने तथा मानदेय में 100 प्रतिशत वृद्धि करने की मांग की है।
कैडरों का कहना है कि वे जमीनी स्तर पर लगातार कार्य करते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद ग्रामीणों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसलिए उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र निर्णय लिया जाना चाहिए।
पत्र के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से कैडरों की समस्याओं का स्थायी समाधान करने तथा मानदेय एवं अन्य सुविधाओं में आवश्यक सुधार करने की मांग की गई है। अब देखना होगा कि JSLPS के संबंधित पदाधिकारी इन मांगों पर क्या कदम उठाते हैं।


