
सरायकेला: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने पुलिस विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत कई थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस कदम को जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश के अनुसार खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार को चौका थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि साइबर थाना सरायकेला में पदस्थापित वरुण यादव को ईचागढ़ थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सरायकेला थाना में पदस्थापित रविकांत परासर को आरआईटी ओपी प्रभारी तथा राहुल कुमार सिंह को खरसावां थाना प्रभारी बनाया गया है।



इसी क्रम में आदित्यपुर थाना में कार्यरत सतीश वर्मवाल को दलभंगा ओपी प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है। दलभंगा ओपी प्रभारी रविन्द्र मुंडा को कुचाई थाना प्रभारी तथा कुचाई थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा को कांड़्रा थाना में पदस्थापित किया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत चांडिल थाना प्रभारी डिलसन बिरुआ को नीमडीह थाना प्रभारी और नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी को चांडिल थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं ईचागढ़ थाना प्रभारी बजरंग महतो को साइबर थाना सरायकेला भेजा गया है। चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार को गम्हरिया थाना तथा आरआईटी ओपी प्रभारी संजीव कुमार सिंह को खरसावां थाना में पदस्थापित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी स्थानांतरित पदाधिकारियों को अविलंब अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है। पुलिस मुख्यालय के स्तर पर इस फेरबदल को कार्यक्षमता बढ़ाने, अपराध नियंत्रण को मजबूत करने तथा थाना स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने की रणनीतिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
जिले में हुए इस बड़े प्रशासनिक बदलाव के बाद विभिन्न थाना क्षेत्रों में नई कार्यशैली, त्वरित कार्रवाई और जनसरोकारों से जुड़ी पुलिसिंग को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं। माना जा रहा है कि नए पदस्थापन के साथ पुलिस प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम जनता की शिकायतों के शीघ्र निष्पादन को लेकर अधिक सक्रिय भूमिका में नजर आएगा।


