
सरायकेला-खरसावाँ पुलिस ने खुद को जेल में बंद बताकर बैंक मैनेजर से पैसे ठगने की कोशिश करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बंटी गुहा (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने जमशेदपुर के मानगो बस स्टैंड से दबोचा।


जानकारी के अनुसार, 22 मई को झारखंड ग्रामीण बैंक, कांड्रा के शाखा प्रबंधक को एक फोन कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को “रवि लोहार” बताते हुए कहा कि वह सरायकेला जेल में बंद है और जमानत के लिए वकील की फीस भरने हेतु 50 हजार रुपये की आवश्यकता है। आरोपी ने बैंक मैनेजर को झांसे में लेकर पैसे ट्रांसफर कराने का प्रयास किया।



मामले की सूचना मिलने के बाद सरायकेला पुलिस सक्रिय हुई और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने बंटी गुहा को गिरफ्तार कर उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है। बताया गया कि आरोपी वर्तमान में कोलकाता में रहकर एक निजी कंपनी यूएसएस (USS) में कार्यरत है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ जमशेदपुर के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। टेल्को थाना में वर्ष 2021 में दो मामले, सिदगोड़ा थाना में 2023 में रंगदारी और धमकी से जुड़ा मामला, सितारामडेरा थाना में 2023 का मामला तथा कदमा थाना में 2024 का आर्म्स एक्ट का केस दर्ज है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला के निर्देशन में किया गया। टीम में कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


