
खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा ने सोमवार को झारखंड सरकार के मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात कर सरायकेला-खरसावां जिले के आमदा में प्रस्तावित 500 बेड अस्पताल भवन निर्माण कार्य को पुनः शुरू कराने की मांग की। सांसद ने मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि आमदा में 500 बेड अस्पताल भवन निर्माण कार्य की शुरुआत 12 नवंबर 2011 को की गई थी। इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए लगभग 25 एकड़ भूमि भी उपलब्ध कराई गई है। इसके बावजूद निर्माण कार्य लंबे समय से बंद पड़ा हुआ है, जिससे क्षेत्र की जनता को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि यह योजना जनहित के लिए अत्यंत आवश्यक एवं कल्याणकारी है।


अस्पताल निर्माण कार्य शुरू होने से सरायकेला-खरसावां एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी समस्या का समाधान हो सकेगा। क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी तथा गंभीर मरीजों को दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सांसद कालीचरण मुंडा ने मुख्य सचिव से आग्रह किया कि निर्माण कार्य बंद होने के कारणों की समुचित जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा योजना को जल्द से जल्द पुनः शुरू करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। मुख्य सचिव ने मामले पर आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।





