
आज दिनांक 28 अप्रैल 2026 को नगर पंचायत सरायकेला सभागार में माननीय अध्यक्ष श्री मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में डे-एनयूएलएम (DAY-NULM) योजना से संबंधित एक सामान्य बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति पंजी संधारित की गई। बैठक में विशेष रूप से उपाध्यक्ष श्री अविनाश कवि, सीएम मनी मुकुट सोरेन, सीओ मनोज खाखा, कंप्यूटर ऑपरेटर दुर्गेश शर्मा, सीआरपी तथा नगर पंचायत के अधिकतर वार्ड पार्षदगण उपस्थित रहे।


बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत संचालित स्वयं सहायता समूहों (SHG) एवं स्ट्रीट वेंडरों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा करते हुए कई अहम निर्णय लिए गए बैठक में बताया गया कि नगर पंचायत अंतर्गत 96 महिला स्वयं सहायता समूह है उनमें से लगभग 6 महिला स्वयं सहायता समूह (SHG) निष्क्रिय हो गए हैं, जिन्हें पुनः सक्रिय करने का निर्णय लिया गया। साथ ही, DAY-NULM के तहत 70 समूहों को लाभ प्राप्त हो चुका है, जबकि शेष 26 समूहों को लाभ उपलब्ध कराने हेतु विभाग को पत्राचार किए जाने का निर्णय लिया गया।



महिला समूहों के सशक्तिकरण हेतु बैंक लिंकेज सुनिश्चित कराने के लिए विशेष बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। जिन समूहों का बैंक लिंकेज हो चुका है, उनकी सूची उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया। नगर क्षेत्र में सक्रिय 10 उत्कृष्ट महिला समूहों के कार्यों का वीडियो क्लिप तैयार कर उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त, सीआईएफ (CIF) लोन हेतु इच्छुक लाभुकों से आवेदन पत्र भरवाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बैंक लिंकेज से संबंधित लंबित आवेदनों का पुनः निष्पादन कर लाभुकों को ऋण उपलब्ध कराया जाएगा तथा एनपीए (NPA) मामलों में रिकवरी की प्रक्रिया तेज की जाएगी। स्ट्रीट वेंडरों के संदर्भ में निर्णय लिया गया दिनांक 27 अप्रैल अपराह्न 3:00 बजे को सरायकेला के टाउन हॉल में स्ट्रीट वेंडर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा एवं उनका डिटेल प्राप्त करके नगर क्षेत्र के सभी फुटपाथ विक्रेताओं की सूची 30 दिनों के भीतर तैयार की जाएगी। साथ ही, वेंडर लोन प्राप्त लाभुकों की सूची एवं वेंडिंग जोन निर्माण की अद्यतन स्थिति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
नगर पंचायत क्षेत्र में स्किल ट्रेनिंग सेंटर के संचालन हेतु विभाग को पत्राचार करने तथा वैकल्पिक रूप से आंतरिक संसाधनों से इसे प्रारंभ करने की संभावनाओं पर विचार करने का निर्णय लिया गया। साथ ही, वित्तीय वर्ष 2020-2025 तक स्किल ट्रेनिंग प्राप्त लाभुकों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कंप्यूटर ऑपरेटर, सीआरपी एवं अन्य संबंधित कर्मियों के बीच DAY-NULM योजना के तहत कार्यों का स्पष्ट कार्यादेश जारी किया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों को प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, उनकी रैंकिंग एवं बैंक लिंकेज को सुदृढ़ करने तथा 10 एरिया फेडरेशन (AF) के गठन का भी निर्णय लिया गया।
प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (PM SVANidhi) योजना के अंतर्गत इच्छुक लाभुकों से आवेदन पत्र भरवाने एवं उन्हें योजना का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वार्ड में वार्ड पार्षदों के साथ समन्वय स्थापित कर एक माह तक लगातार बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि योजना का लाभ अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके। अंत में, अगली बैठक की तिथि 25 मई 2026 निर्धारित की गई। नगर पंचायत सरायकेला द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि DAY-NULM योजना के माध्यम से शहरी गरीबों, महिला समूहों एवं स्ट्रीट वेंडरों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाया जा सके।


