
- जमशेदपुर। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत पूर्वी सिंहभूम पुलिस द्वारा सुदूर ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों में जनसरोकार से जुड़ी पहल की गई। 2 सितंबर 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर डॉ. एहतशाम वकारिब के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के साथ ग्रामीण थाना क्षेत्रों के सुदूर इलाकों का भ्रमण किया गया।
इस दौरान स्थानीय छात्र-छात्राओं के बीच पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।


कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को डायन प्रथा, नक्सलवाद जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों के साथ-साथ नशे के दुष्प्रभाव और नशे के खिलाफ सामूहिक जागरूकता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की।



पूर्वी सिंहभूम पुलिस की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना, सामाजिक जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है।


