
आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित गंगोत्री हेल्थ केयर अस्पताल में एक बार फिर सफल ऑपरेशन कर चिकित्सकों ने एक बच्ची के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी। रांची की रहने वाली एक छोटी बच्ची जन्म से ही नाक के ऊपर सूजन की समस्या से जूझ रही थी। चिकित्सकीय जांच में पता चला कि यह सूजन ट्यूमर का रूप ले चुकी थी, जिसके कारण बच्ची को लगातार परेशानी हो रही थी। परिजनों के अनुसार, बच्ची का कई स्थानों पर इलाज कराया गया, लेकिन कोई खास सुधार नहीं हुआ। इसके बाद बच्ची को इलाज के लिए गंगोत्री हेल्थ केयर अस्पताल लाया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने परीक्षण के बाद ऑपरेशन करने का निर्णय लिया।


अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, ऑपरेशन में कोलकाता के ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. ए. आर. मंडल, जमशेदपुर के ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. संतु माझी तथा एनेस्थीसिस्ट डॉ. साई प्रकाश की टीम ने अहम भूमिका निभाई। चिकित्सकों ने सफल ऑपरेशन कर बच्ची की समस्या का समाधान किया। ऑपरेशन के बाद बच्ची की स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के प्रति आभार जताते हुए विशेष रूप से डॉ. जे. एन. दास को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों के प्रयास से बच्ची को नई राहत मिली है।





