
सरायकेला/आदित्यपुर : गम्हरिया निवासी पत्रकार सुनील कुमार गुप्ता एवं उनके पुत्र पर हुए जानलेवा हमले की घटना ने पत्रकारिता जगत में चिंता बढ़ा दी है। इस घटना को लेकर पत्रकारों और सामाजिक संगठनों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बताया है। कहा गया कि यदि पत्रकारों पर इस प्रकार के हमले लगातार होते रहे, तो आम जनता की समस्याओं और समाज में हो रही वास्तविक घटनाओं को निष्पक्ष रूप से सामने लाना कठिन हो जाएगा। पत्रकार समाज की आवाज होते हैं और लोकतंत्र में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए।


मामले को गंभीरता से लेते हुए बीती रात सरायकेला प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनमोहन सिंह राजपूत ने आदित्यपुर थाना पहुंचकर थाना प्रभारी से मुलाकात की तथा दोषियों के खिलाफ जल्द और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। वहीं, आज झामुमो के वरिष्ठ नेता के. पी. सोरेन एवं बी. टी. दास ने पत्रकार सुनील कुमार गुप्ता से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।



इधर, प्रेस क्लब के महासचिव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो प्रेस क्लब के सदस्य आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे।


