
आदित्यपुर: दुकान में घुसकर रंगदारी की मांग करने और विरोध करने पर दुकानदार पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 जून 2026 को वादी प्रेम चन्द्र वर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विशाल मिश्रा उर्फ अपराधी तथा आदित्य कश्यप दुकान में घुसकर रंगदारी की मांग कर रहे थे। पैसा देने से इनकार करने पर दोनों ने लोहे के चापड़ से हमला कर वादी को घायल कर दिया।



मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का चापड़ भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल मिश्रा (पिता–ललितेश मिश्रा, रोड नं-15, आरआईटी) एवं आदित्य कश्यप (पिता–जय प्रकाश कश्यप, रोड नं-23, आरआईटी) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार विशाल मिश्रा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। छापेमारी अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी रविकांत परासर ने किया। अभियान में थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान भी शामिल रहे।
पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में अपराध और रंगदारी जैसी घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार चलाया जाएगा।


