
सरायकेला, 12 जून। सरायकेला प्रखंड के मुरुप गांव में रोजो संक्रांति के अवसर पर 14 जून 2026 को भव्य छऊ नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं।


इस आयोजन की तैयारी में ग्राम प्रधान जीतमोहन महतो, भैरब प्रधान, मणी प्रधान, फुलचंद प्रमाणिक, जगदीश प्रधान, दामोदर प्रमाणिक, दिनेश हो, साधुचरण महतो समेत ग्रामीण एड़ी छोटो एक कर दिए है।



आयोजन समिति के अध्यक्ष फुलचंद प्रमाणिक ने बताया कि महोत्सव 14 जून की रात 9 बजे शुरू होकर 15 जून की सुबह 6 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम में सरायकेला-खरसावां शैली के छऊ नृत्य के तहत गणेश वंदना, अश्वमेध यज्ञ, राधा-कृष्ण प्रेम लीला, उषा हरण, इंद्रजीत बोध और वीर अभिमन्यु जैसे पारंपरिक आख्यानों का मंचन किया जाएगा।
सचिव जगदीश प्रधान के अनुसार हजारों दर्शकों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, पेयजल, पार्किंग, मंच, प्रकाश एवम ध्वनि व्यवस्था की विशेष तैयारी की जा रही है।
छऊ गुरु लालमोहन महतो के निर्देशन में 25 से अधिक कलाकार प्रतिदिन अभ्यास कर रहे हैं। वरिष्ठ कलाकार मणी प्रधान एवं दिनेश हो युवा कलाकारों को प्रशिक्षण दे रहे हैं।
ग्राम प्रधान जीतमोहन महतो ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य छऊ कला का संरक्षण और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।
प्रशिक्षक दिनेश हो ने कहा कि इससे सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं में लोक कला के प्रति रुचि बढ़ेगी।
मुरुप निवासी व सामाजिक कार्यकर्ता हेमसागर प्रधान ने कहा कि यह महोत्सव क्षेत्र की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत प्रदर्शन होगा तथा स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करेगा,जिसका ग्रामीणों और लोक कला प्रेमियों को बेसब्री से इंतजार है।


