
*सरायकेला:* जमशेदपुर के प्रतिष्ठित संस्थान एक्सएलआरआई के 56 एमबीए छात्र-छात्राओं ने “अनुरूम” कार्यक्रम के तहत सरायकेला प्रखंड के कमलपुर ग्राम पंचायत का तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया। कार्यक्रम का आयोजन टाटा स्टील फाउंडेशन जमशेदपुर के तत्वावधान में हुआ। प्रशिक्षक नृपराज महानंदा के दिशा-निर्देश पर छात्र-छात्राओं ने कंचनपुर, बेरगाडीह, बाघराईडीह, कोयरा, खोड़काबाद, मोसोडीह, नारायनडीह, बड़गांव, तेंतालटांड, बंदीराम आदि सुदूरवर्ती गांवों में प्रवास कर ग्रामीणों के साथ बातचीत की। विद्यार्थियों ने गांव की शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पेयजल और पलायन जैसी जमीनी समस्याओं को करीब से समझा।


छात्रों ने ग्रामीणों के आत्मीय व्यवहार और सरल जीवन शैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की चुनौतियां किताबों से नहीं, गांव में रहकर ही समझ आती हैं। इससे पूर्व कमलपुर पंचायत के मुखिया नव किशोर सरदार, ग्राम प्रधान हीरालाल महतो, हेमंत कुमार महतो, कार्यक्रम समन्वयक मुकुंद महतो, युवा सामाजिक कार्यकर्ता हेमसागर प्रधान और मां लक्ष्मी महिला समिति की अध्यक्ष भारती महतो, सचिव संजू महतो, कोषाध्यक्ष कल्पना महतो , रिंकी महतो, सरस्वती महतो, कुंती महतो समेत अन्य दीदियों ने पंचायत सचिवालय में सभी विद्यार्थियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।



मुखिया ने पंचायत में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अनुभव रहा, क्योंकि इससे उन्हें ग्रामीण भारत की वास्तविकताओं का प्रत्यक्ष अनुभव हुआ। वहीं हेमसागर प्रधान ने बताया कि इस भ्रमण से विद्यार्थियों को न केवल ग्रामीण जनजीवन के बारे में जानकारी मिली, बल्कि उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक विकास के महत्व को भी समझने में मदद मिली। टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि “अनुरूम” कार्यक्रम का उद्देश्य भावी प्रबंधकों को ग्रामीण भारत की वास्तविकता से जोड़ना और जमीनी अनुभव देना है।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने ग्रामीणों के साथ सामूहिक नृत्य कर स्थानीय संस्कृति का भी आनंद लिया।


