
चाईबासा : विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को अंजुमन इस्लामिया चाईबासा द्वारा उर्दू लाइब्रेरी, बड़ी बाजार में रक्तदान एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। इस दौरान कुल 100 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए महत्वपूर्ण योगदान साबित होगा।


शिविर में रक्तदान के साथ-साथ नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था भी की गई थी। चिकित्सकों ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र एवं प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया।



आयोजकों ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए बताया कि रक्तदान न केवल किसी की जान बचाता है, बल्कि इससे शरीर में नए रक्त का निर्माण भी होता है, जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है।
इस अवसर पर मुहम्मद ब्लड डोनर्स चाईबासा के सदस्यों ने भी लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया तथा रक्तदान से जुड़े भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया। वक्ताओं ने पैगंबर मुहम्मद (स.अ.) के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि “जिसने एक इंसान की जान बचाई, उसने पूरी इंसानियत को बचाया।”
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिविर के माध्यम से समाज में मानवता, सेवा, परोपकार और सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त संदेश दिया गया।


