0आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन में गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर श्रीनाथ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. शिवानंद सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में प्रो. डॉ. शिवानंद सिंह ने कहा कि रवींद्रनाथ टैगोर महान साहित्यकार थे, जिनके लेखन ने साहित्य जगत को समृद्ध किया। उन्होंने कहा कि टैगोर के शैक्षिक विचार आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं और वे मातृभाषा के माध्यम से शिक्षा पर विशेष जोर देते थे।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थी बरखा ने टैगोर के विचारों को प्रस्तुत किया, जबकि सुलेखा महतो ने उनकी कविता का पाठ कर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। वहीं प्रशिक्षणार्थी अनामिका और अमित कुमार राणा ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत नृत्य एवं गीत प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मौसुमी महतो, सहायक प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में बीएड और डीएलएड के प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
